• Mon. Sep 28th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ऑपरेशन सिंदूर में काम आया टेथर्ड ड्रोन, अब चीन-पाक सीमा पर बढ़ेगी निगरानी

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के काम आए टेथर्ड ड्रोन अब सीमाओं की निगरानी में भी बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में डिफेंस कॉरिडोर के स्टॉल पर इस ड्रोन को प्रदर्शित किया गया।

बेंगलुरु की कंपनी निंबस स्कोप के प्रतिनिधियों के मुताबिक, सेना ने इस ड्रोन की जरूरत पहले के मुकाबले बढ़ा दी है। कंपनी के अनुसार, इसकी मांग 1000 यूनिट से बढ़कर करीब 2000 यूनिट तक पहुंच गई है।

8 घंटे तक लगातार उड़ान

टेथर्ड मोड में यह ड्रोन एक केबल के जरिए जमीन पर मौजूद सिस्टम से जुड़ा रहता है। इसी वजह से यह करीब 8 घंटे तक लगातार हवा में रह सकता है। कंपनी का दावा है कि यह समुद्र तल से 5500 मीटर तक की ऊंचाई वाले इलाकों में भी काम कर सकता है और जमीन से लगभग 110 मीटर ऊपर उड़ सकता है।

तेज हवा में भी इसकी स्थिरता बनी रहती है। करीब 35 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा की रफ्तार में भी यह उड़ान भर सकता है। वहीं, केबल के बिना ड्रोन लगभग 45 मिनट तक हवा में रह सकता है।

कैमरा और सेंसर लगाने की सुविधा

यह एक इलेक्ट्रिक क्वाडकॉप्टर है, जिसमें ग्राउंड बेस्ड पावर सिस्टम के साथ बैटरी का भी इस्तेमाल किया जाता है। इसमें ब्रशलेस डीसी इलेक्ट्रिक मोटर्स लगी हैं, जो उड़ान के दौरान स्थिरता बनाए रखने और शोर कम करने में मदद करती हैं।

ड्रोन की लंबाई और चौड़ाई करीब 1.5 मीटर है, जबकि इसकी ऊंचाई 0.5 मीटर है। इसका अधिकतम टेकऑफ वजन 15 किलोग्राम बताया गया है। इस क्षमता की वजह से इसमें हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और अलग-अलग सेंसर लगाए जा सकते हैं।

सीमा निगरानी से आपदा प्रबंधन तक इस्तेमाल

कंपनी के मुताबिक, ड्रोन का इस्तेमाल सीमा क्षेत्रों, जंगलों और भीड़ वाले इलाकों पर नजर रखने के लिए किया जा सकता है। बाढ़ या जंगल की आग जैसी आपदाओं में भी यह लंबे समय तक इलाके की निगरानी कर सकता है और कंट्रोल रूम तक रियल टाइम जानकारी पहुंचाने में मदद कर सकता है।

रूस-यूक्रेन युद्ध में ड्रोन के बढ़ते इस्तेमाल के बाद सैन्य निगरानी में इनकी उपयोगिता पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। कंपनी के प्रतिनिधियों का कहना है कि सीमा सुरक्षा में टेथर्ड ड्रोन लगातार निगरानी के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)