बीएसएनएल नेटवर्क ठप होने की वजह से बुधवार को सेक्टर-16 स्थित मुख्य डाकघर में स्पीड पोस्ट समेत कई ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रहीं। सुबह से ही पहुंचे लोगों को अपने काम के लिए इंतजार करना पड़ा। कई तो निराश होकर वापस घर लौट गए।
डाकघर पहुंचे अमित ने बताया कि उन्हें अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज भेजने थे, लेकिन नेटवर्क न होने की वजह से स्पीड पोस्ट नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि दस्तावेज समय पर भेजना जरूरी था, लेकिन सेवा बंद रहने के कारण उन्हें बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा। सेक्टर-9 से पैसा जमा करने आए जावेद ने बताया कि उन्होंने एफडी खोली है, जिसमें पैसे जमा करने के लिए पोस्ट ऑफिस गए थे लेकिन वहां पर भी काम नहीं हो पाया। डाकघर के कर्मचारियों के अनुसार बीएसएनएल नेटवर्क में तकनीकी दिक्कत आने से ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुईं हैं। नेटवर्क बहाल होने के बाद ही स्पीड पोस्ट और अन्य सेवाएं सामान्य रूप से शुरू हो सकेंगी। पूरे दिन नेटवर्क समस्या के कारण डाकघर में कामकाज प्रभावित रहा और ग्राहकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा

