दादरी कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के साथ मारपीट करने और उसकी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार एटा निवासी युवक ने बताया कि उसकी छोटी बहन वर्तमान में एक डिलीवरी कंपनी में कार्यरत है और कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किराये के कमरे में रहती है। 8 जून को वह कंपनी से अपने कमरे की ओर जा रही थी।
इसी दौरान गांव का ही रहने वाला धर्मेन्द्र सड़क पर रोककर मारपीट करने लगा। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर युवती को बचाया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी ने युवती की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इससे पीड़िता की छवि को नुकसान पहुंचा है। वहीं कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

