• Wed. Jun 17th, 2026

नोएडा: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनपद में आयोजित तीन दिवसीय “विकास प्रदर्शनी” का हो रहा भव्य आयोजन

केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी शासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद गौतमबुद्धनगर में आयोजित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91, नोएडा में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा द्वारा माननीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में फीता काटकर विधिवत रूप से किया गया।


इस अवसर पर माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं विकास कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश की दिशा एवं दशा दोनों बदल रही हैं। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण हेतु विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं, जिनका लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम केंद्र एवं प्रदेश सरकार के द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के कल्याण हेतु प्रतिबद्ध है और आगे भी इसी प्रकार उनके हितों में कार्य करती रहेगी।
17 से 19 जून, 2026 तक आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों को आकर्षक एवं प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में युवा सशक्तिकरण, महिला एवं गरीब कल्याण, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों का विकास, आधारभूत संरचना, औद्योगिक विकास, आंतरिक सुरक्षा, सुशासन तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन से संबंधित विकास कार्यों की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रदर्शनी स्थल पर सूचना विभाग द्वारा स्थापित किया गया “सेल्फी विद पीएम” (Selfie with PM) पाइंट आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री जी के कटआउट के साथ सेल्फी लेकर इस पहल में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस पहल का उद्देश्य आमजन की भागीदारी बढ़ाने तथा सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को जनसामान्य तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है।
प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा ने माननीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ सूचना विभाग द्वारा लगायी गई विकास प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भ्रमण कर अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से प्रदर्शित की जा रही योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आमजन तक योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रदर्शनी में सूचना विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, उद्योग विभाग, श्रम विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, वन विभाग, सेवायोजन विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा आकर्षक एवं जानकारीपरक स्टॉल लगाए गए हैं.


प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर छात्र-छात्राओं के मध्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं संसद में महिला आरक्षण बिल नामक विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया, जिसमें राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर 12 नोएडा के 30 छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। आयोजित वाद विवाद प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा सादिया ने प्रथम, कक्षा 10 के छात्र अंशुमान ने द्वितीय तथा कक्षा 08 के छात्र कृष्ण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में 18 जून को निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा 19 जून को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी।


इस अवसर पर माननीय महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिला उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, माननीय सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिला महामंत्री नोएडा अमित त्यागी, चंगी राम यादव, जिला मंत्री पंकज झा, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, सहायक निदेशक सूचना सुनील कुमार कनौजिया, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, खंड शिक्षा अधिकारी बिसरख चंद्र भूषण संबंधित विभागों के अधिकारीगण, कर्मचारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )