• Sat. Jun 20th, 2026

दिल्ली: कॉकरोच पार्टी के कार्यकर्ताओं से पुलिस ने निर्धारित समय समाप्त होने के बाद धरना स्थल खाली करने की अपील

दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच पार्टी के कार्यकर्ताओं से पुलिस ने निर्धारित समय समाप्त होने के बाद धरना स्थल खाली करने की अपील की। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे। अभिजीत दीपके ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि, अभिजीत दीपके और प्रदर्शनकारी मौके पर डटे हुए हैं। दीपके ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन स्थल पर पानी और बिजली काट दी गई है।

दीपके ने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करें तथा धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को बुलंद करें। जंतर-मंतर पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा हाथों में पोस्टर तथा थाली चम्मच लेकर पहुंचे।

प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा विवाद, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और सीसीटीवी निगरानी तैनात रही। पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )