प्राधिकरण ने ग्रेनो वेस्ट के खोदना खुर्द गांव में करीब 6000 वर्ग मीटर जमीन पर से अतिक्रमण हटाया है। जेसीबी की मदद से प्राधिकरण ने करीब 12 करोड़ रुपये की जमीन को खाली कराया है। जिस पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। भूलेख और परियोजना विभाग की टीम ने मिलकर कार्रवाई की है। ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसीईओ ने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर लें। ताकि जीवन भर की कमाई बर्बाद नहीं हो सके। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम खोदना खुर्द के खसरा संख्या 502 की जमीन पर कॉलोनाइजर प्लॉटिंग कर रहे है। जमीन प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है। सोमवार दोपहर बाद यह कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को लगभग दो घंटे में तोड़ा गया। दोबारा निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

