• Fri. Jun 26th, 2026

ग्रेटर नोएडा: 600 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बृहस्पतिवार को आयोजित दूसरे चरण की काउंसलिंग में 600 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया। विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों की पसंदीदा संस्थाओं में तेजी से स्थान बना रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक अधोसंरचना, अनुभवी शिक्षकों, शोध एवं नवाचार के अवसरों तथा बेहतर प्लेसमेंट के कारण देश के विभिन्न राज्यों से विद्यार्थी यहां प्रवेश के लिए पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि कई लोकप्रिय पाठ्यक्रमों की सीटें शुरुआती चरणों में ही लगभग भर चुकी हैं।
रोजगारपरक कार्यक्रमों को लेकर युवाओं का आकर्षण-
दूसरे चरण की काउंसलिंग में विद्यार्थियों ने विशेष रूप से लॉ, एप्लाइड साइकोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी, जनसंचार और प्रबंधन से जुड़े पाठ्यक्रमों में रुचि दिखाई।

तकनीकी और रोजगारपरक कार्यक्रमों को लेकर युवाओं का आकर्षण पहले की तुलना में अधिक देखा गया। विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार बीए-एलएलबी, बीएससी-बीएड, एप्लाइड साइकोलॉजी, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पाठ्यक्रमों में सीटों की उपलब्धता अब सीमित रह गई है। नई शिक्षा नीति के तहत बहुविषयक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा मिलने से विद्यार्थी ऐसे पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता दे रहे हैं जिनमें बेहतर करियर संभावनाएं मौजूद हैं। उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए पाठ्यक्रम भी छात्रों को आकर्षित कर रहे हैं।
02 जुलाई को होगी विशेष काउंसलिंग-
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि बीए-बीएड कार्यक्रम में बची सीटों के लिए 2 जुलाई को विशेष काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। वहीं पीएचडी, बीएससी क्लीनिकल साइकोलॉजी, एक वर्षीय एलएलएम और नए शुरू किए गए मास्टर्स इन न्यूक्लियर मेडिसिन पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 12 जुलाई को जीबीयूईटी प्रवेश परीक्षा होगी। सीयूईटी के माध्यम से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी जुलाई में अगली काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )