जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, हादसों में होने वाली मौतों में कमी तथा यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही बैठक से एसीईओ नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा और डीसीपी ट्रैफिक की अनुपस्थिति पर नाराजगी जाहिर की।जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक और कानूनी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

