देश में राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग बढ़ाया जाएगा। इसी दिशा में सेक्टर-62 स्थित भारतीय राजमार्ग अभियंता अकादमी (आईएएचई) ने वर्ष 2026-27 का प्रशिक्षण कैलेंडर जारी किया है, जिसमें पहली बार हाईवे डेवलपमेंट एंड मैनेजमेंट में एआई आधारित विशेष कोर्स शामिल किए गए हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत इंजीनियरों को रोड सेफ्टी ऑडिट, क्वालिटी कंट्रोल, डीपीआर तैयार करना, ब्रिज इंस्पेक्शन और सड़क रखरखाव जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। जुलाई, अगस्त और सितंबर में विभिन्न तिथियों पर प्रशिक्षण आयोजित होगा। आईएएचई का उद्देश्य इंजीनियरों को एआई आधारित निगरानी, परियोजना प्रबंधन और निर्णय प्रक्रिया में दक्ष बनाना है, ताकि सड़क निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी हो सके।

