• Wed. Jul 1st, 2026

ग़ाज़ियाबाद: सड़क पर छोड़ी गंदगी को निगम ने आयोजक से कराया साफ

शहर की स्वच्छता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ बुधवार को नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की। राजनगर (आरडीसी) में एक समारोह के बाद सड़क पर गंदगी छोड़ना आयोजकों को भारी पड़ गया। निगम की टीम ने न सिर्फ आयोजक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया, बल्कि मौके पर ही उनसे ही सफाई भी कराई। इस दौरान आयोजक को निगम के सफाई मित्रों के साथ खुद झाड़ू लगानी पड़ी।नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि मुख्य मार्गों से लेकर आंतरिक गलियों तक रोजाना सुबह निरीक्षण किया जा रहा है। सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग की टीम राजनगर क्षेत्र में जांच कर रही थी।

कवि नगर जोन के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक हिमांशु को सूचना मिली कि रात में हुए एक समारोह के बाद सड़क पर भारी गंदगी और कूड़ा-कचरा छोड़ दिया गया है। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और 10 हजार रुपये का चालान काटा। इसके बाद आयोजक ने अपनी गलती मानते हुए सफाई मित्रों का सहयोग किया और खुद सड़क साफ की। निगम की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय निवासियों ने जमकर सराहना की है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )