• Sun. Sep 20th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग़ाज़ियाबाद: अवैध हुक्काबार में छापा, 10 लोग गिरफ्तार

थानाक्षेत्र स्थित ऐंजल मॉल में संचालित द पब्लिक हाउस क्लब और द ब्लू क्लब में मंगलवार को पुलिस की टीम ने छापा मारा। इस दौरान वहां अवैध हुक्काबार संचालित होते मिले। दोनों ही स्थानों से पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों में कुछ लोग उत्तराखंड व मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। वहीं दोनों के संचालक रिहान खान आलम और प्रवीण पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की है।एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों क्लब में लंबे समय से अवैध हुक्का बार संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। मंगलवार को जब टीम पहुंची तब शिकायत पुष्ट हुई। बताया कि द पब्लिक हाउस क्लब से पुलिस ने गाजियाबाद के कोतवाली थानाक्षेत्र स्थित दिल्ली गेट निवासी रितिक, उत्तराखंड के नैनीताल स्थित खनस्यू थानाक्षेत्र के गांव गोनियारो निवासी भरत सिंह, काठगोदाम के स्योड़ी गांव के कौशल और मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित भगवा निवासी विशाल को गिरफ्तार किया। वहीं द ब्लू क्लब से भोवापुर निवासी प्रिंस, जगदीश, अजय व अनूप और साहिबाबाद निवासी नावेद को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी रितिक ने बताया कि द पब्लिक हाउस क्लब के संचालक रिहान आलम के कहने पर ही वह फ्लेवर्ड हुक्का लोगों को परोसते हैं।

वहीं प्रिंस ने पुलिस को बताया कि द ब्लू क्लब का संचालन प्रवीण नाम का व्यक्ति करता है। दोनों ही पुलिस के पहुंचने से पहले मौके से भाग गए। पूछताछ में यह भी पता चला कि दोनों क्लब के पास हुक्काबार संचालित करने का लाइसेंस नहीं था। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी संचालकों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )