• Wed. Jul 15th, 2026

नोएडा: सफाई के लिए सीवर की लाइन में उतरे कर्मी की मौत

गेझा गांव में मंगलवार देर शाम नोएडा प्राधिकरण की सीवर सफाई करने लाइन में उतरे सेक्टर-44 निवासी शिवा अंदर ही बेहोश हो गए। काफी देर तक बाहर नहीं निकले पर हड़कंप मच गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने उन्हें बाहर निकाला। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बिना गैस जांच और सुरक्षा उपकरण के कर्मचारी को सीवर लाइन में उतारा गया था।

नोएडा प्राधिकरण के जीएम आरपी सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित ठेकेदार एम/एस शिवजी कंस्ट्रक्शंस कंपनी के खिलाफ आपराधिक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने और उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही जूनियर इंजीनियर राकेश कुमार की सेवा समाप्त कर दी गई है। मामले में संबंधित प्रबंधक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि और वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।मृतक के परिजनों को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

नोएडा सेंट्रल के एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि सफाई के दौरान शिवा सीवर के अंदर उतरे थे लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकले। सूचना मिलते ही फेज-2 थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )