• Thu. Jul 16th, 2026

नोएडा: इमारत में लगी आग में एक युवती समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत

नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव में पेइंग गेस्ट (पीजी) की पांच मंजिला इमारत में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी धमाके के साथ फट गई। इससे इमारत में लगी आग में एक युवती समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आग ने कुछ ही मिनटों में भूतल पर खड़े 18 से अधिक दोपहिया वाहनों को चपेट में ले लिया। दमकल की सात गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया। मृत युवती की पहचान बिहार की स्नेहा श्रीवास्तव (22) के रूप में हुई है। वहीं, मृत युवक मध्यप्रदेश निवासी ऋषभ (26) है

शुरुआती जांच में बिल्डिंग में आग से बचाव का कोई इंतजाम नहीं मिला। पुलिस ने केस दर्ज कर भवन मालिक और पीजी संचालक दिल्ली निवासी कृष्णा कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, ममूरा में एनसीआर पीजी एंड फ्लैट नाम की इमारत के दो हिस्सों में पीजी और एक हिस्से में किराये के लिए कमरे बने हैं।

पूरी इमारत में करीब 50 परिवारों समेत 250 से अधिक लोग रहते हैं। आग बुधवार सुबह 11:30 बजे भूतल पर चार्जिंग के दौरान लगी। इससे धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचा और कई लोग कमरों व बालकनी में फंस गए। जान बचाने के लिए लोग कमरों से बाहर भागे।

कई लोग छत पर पहुंच गए, कुछ ने घबराकर नीचे छलांग लगा दी। अग्निशमन विभाग और पुलिस ने फंसे लोगों को बाहर निकाला। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग के कारणों और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की जांच की जा रही है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )