कोतवाली सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपने बेटे और बहू पर मारपीट और जबरन ज्वेलरी उतरवाने का आरोप लगाया है। घटना के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-27 निवासी बुजुर्ग महिला की बेटी ने थाने में शिकायत देकर बताया कि दो अगस्त की दोपहर उसकी मां घर में बिस्तर पर आराम कर रही थीं। इसी दौरान उनका बेटा घर पहुंचा और कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। इस दौरान बहू ने बुजुर्ग महिला के गहने उतरवा लिए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। सोशल मीडिया पर भी घटना के वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि शिकायत और वीडियो फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपी बेटे के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

