उत्तरी जिला के रूप नगर थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो ट्रेन में सवार होकर तमिलनाडु से दिल्ली आता था। यहां आने के बाद यह सड़क किनारे खड़ी कारों का शीशा तोड़कर उससे कीमती सामान चोरी कर लिया करता था। वारदात के बाद आरोपी मॉल समेटकर दिल्ली से फरार हो जाता था।पुलिस ने मामले में गुणासेकर (42) और गोकुल एम (27) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से चोरी किए गए चार लैपटॉप, तीन लैपटॉप के चार्जर और एक महंगा मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इनके बाकी फरार साथियों की तलाश कर रही है।उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त राजा बाठिंया ने बताया कि 9 जुलाई को रूप नगर थाने में राजेश कुमार नामक एक व्यक्ति ने चोरी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह पेशे से वकील हैं और किसी काम से कमला नगर मार्केट में आए थे। वापस लौटने पर इनकी कार का शीशा टूटा हुआ था।कार से इनका महंगा लैपटॉप और अन्य सामान गायब था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
इस बीच सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान हुई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी तमिलनाडु के रहने वाले हैं। वह तमिलनाडु से दिल्ली आकर वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस से बचने के लिए कभी मोबाइल फोन भी नहीं इस्तेमाल करते हैं।पुलिस ने गिरोह की जानकारी जुटाना शुरू कर दी। इस बीच 2 अगस्त को खबर मिली कि गिरोह के कुछ लोग कमला नगर एरिया में वारदात को अंजाम देने के लिए आने वाले हैं। खबर मिलने के बाद टीम ने गुणासेकर और गोकुल एम को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने बताया कि इनका गैंग लीडर दीपक उर्फ कार्तिक है। बाकी सभी फरार हैं। इनकी गिरफ्तार से फिलहाल चार मामले सुलझे हैं।

