कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने सोसाइटियों में रेकी कर बंद फ्लैटों में सेंध लगाकर कीमती सामान चुराने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को बुधवार को सेक्टर-123 स्थित श्मशान घाट के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी की गहने, पांच लैपटॉप, दो टैबलेट, छह मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार बरामद हुई है। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि सोसाइटी के फ्लैट में चोरी करने वाले एक गिरोह को कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने तीन आरोपियों बुलंदशहर निवासी कैलाश उर्फ दिवाकर (30), गाजियाबाद निवासी इरफान उर्फ इमरान (32) और बिहार निवासी सोनाली (24) को गिरफ्तार किया है। तीनों वर्तमान में नोएडा के अलग-अलग स्थानों पर रह रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने नोएडा समेत प्रदेश के कई जिलों में 100 से अधिक चोरी की वारदात करने की बात स्वीकार की है।
दिल्ली के बाजारों तक पहुंचता था चोरी का सामान : पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि गिरोह चोरी किए गए सामान को ठिकाने लगाने के लिए दिल्ली के बाजारों का सहारा लेता था। आशंका है कि चोरी के मोबाइल फोन और लैपटॉप अलग-अलग दुकानदारों को बेचे जाते थे। पुलिस अब ऐसे लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो चोरी का माल खरीदते थे।

