नोएडा के सेक्टर-104 हाजीपुर स्थित खसरा नंबर-412 पर बने कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार को कार्रवाई शुरू कर दी। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए ध्वस्तीकरण अभियान में इमारत का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा तोड़ा गया। करीब साढ़े तीन घंटे बाद दोपहर 1:30 बजे कार्रवाई रोक दी गई। इसके बाद बुलडोजर के साथ पुलिस और प्राधिकरण की टीम मौके से वापस लौट गई।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स समिट और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अभियान को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया गया। अब बाकी इमारत को दो दिन बाद ध्वस्त किया जाएगा।
करीब 7,950 वर्गमीटर जमीन पर बने इस कॉम्प्लेक्स को लेकर पिछले तीन वर्षों से कानूनी विवाद चल रहा था। हाल ही में कोर्ट ने प्राधिकरण के खिलाफ जारी एकपक्षीय स्थगनादेश को खारिज कर दिया था। इसके बाद प्राधिकरण के लिए इमारत के खिलाफ कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया।
यह वही इमारत है, जिसके निर्माण को रोकने पहुंची वर्क सर्कल-8 की टीम के साथ पिछले दिनों टकराव हुआ था। आरोप लगाया गया था कि भूमाफिया ने टीम को घेर लिया था। वर्क सर्कल-8 के प्रबंधक को इमारत के अंदर घसीटकर ले जाने की चर्चा भी सामने आई थी।
प्राधिकरण के मुताबिक, खसरा नंबर-412 की जमीन वर्ष 2002 में ही अधिग्रहित की जा चुकी थी। इसके बावजूद वर्ष 2023 में यहां चार मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू कर दिया गया।
तीन साल तक रुकी रही कार्रवाई
अप्रैल 2023 में संबंधित पक्षों को कोर्ट से प्राधिकरण के खिलाफ एकपक्षीय स्थगनादेश मिल गया था। इसके कारण लगभग तीन वर्षों तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
हाल ही में अपर सिविल जज सीनियर डिविजन की अदालत ने स्थगनादेश को खारिज कर दिया। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण ने कॉम्प्लेक्स के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू की और शुक्रवार को ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।

