• Sat. Sep 12th, 2026

नोएडा में जमीन की रिकॉर्ड बोली, M3M ने 1,839 करोड़ में खरीदा प्लॉट; DLF की बोली पीछे छूटी

नोएडा के सेक्टर-108 में 49,932 वर्गमीटर के कॉमर्शियल मिक्स्ड यूज प्लॉट की नीलामी में रिकॉर्ड बोली लगी। रियल एस्टेट कंपनी M3M इंडिया ने इस प्लॉट को 1,839 करोड़ रुपये में खरीदा। प्लॉट की रिजर्व कीमत 836 करोड़ रुपये तय की गई थी। इस तरह यह जमीन रिजर्व कीमत से दोगुने से भी अधिक मूल्य पर बिकी।

नीलामी के दौरान M3M इंडिया और DLF के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। DLF ने 1,740 करोड़ रुपये की अंतिम बोली लगाई, लेकिन M3M ने 1,839 करोड़ रुपये की बोली लगाकर प्लॉट अपने नाम कर लिया। वहीं, तीसरी शॉर्टलिस्टेड कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज ने नीलामी में हिस्सा नहीं लिया।

यह प्लॉट मिक्स्ड यूज श्रेणी का है। यहां लग्जरी होटल, कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, मॉल और स्टूडियो अपार्टमेंट बनाए जा सकते हैं। प्राधिकरण के ओएसडी क्रांति शेखर सिंह के मुताबिक, M3M ने अभी तक अपनी कोई योजना प्रस्तुत नहीं की है। कंपनी की योजना सामने आने के बाद ही यह साफ होगा कि प्लॉट पर किस तरह का निर्माण किया जाएगा।

सेक्टर-108 में हुआ यह सौदा नोएडा में अब तक के सबसे महंगे कॉमर्शियल जमीन सौदों में दूसरे स्थान पर है। इससे पहले वर्ष 2008 में सेक्टर-94 के 95 एकड़ के प्लॉट के लिए BPTP कैपिटल सिटी ने 5,006 करोड़ रुपये की पेशकश की थी। हालांकि, बाद में कंपनी ने इसका कुछ हिस्सा सरेंडर कर दिया था।

M3M पहले भी नोएडा में बड़े जमीन सौदे कर चुकी है। नवंबर 2022 में कंपनी ने सेक्टर-94 में लगभग 12 एकड़ जमीन 827 करोड़ रुपये में खरीदी थी। यहां M3M द कुलियन प्रोजेक्ट विकसित कर रही है। इसी वर्ष कंपनी ने सेक्टर-98 में करीब छह एकड़ जमीन 414 करोड़ रुपये में भी खरीदी।

नोएडा में सीमित है कॉमर्शियल जमीन

नोएडा में कॉमर्शियल उपयोग के लिए उपलब्ध जमीन सीमित है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे भी कुछ ही बड़े भूखंड कॉमर्शियल इस्तेमाल के लिए उपलब्ध हैं। सेक्टर-142 के आसपास भी जमीन की कमी बनी हुई है। इसी वजह से सेक्टर-108 जैसी प्राइम लोकेशन वाले प्लॉट के लिए बड़ी रियल एस्टेट कंपनियों ने बोली लगाई।

चार अन्य प्लॉट भी नीलाम

प्राधिकरण ने चार अन्य बड़े कॉमर्शियल प्लॉट की भी नीलामी की। इन सभी प्लॉट के लिए केवल एक-एक बोलीदाता सामने आया। इन चारों प्लॉट की बिक्री से प्राधिकरण को करीब 1,515 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई।

सेक्टर-96 में 24,000 वर्गमीटर का प्लॉट 410 करोड़ रुपये की रिजर्व कीमत के मुकाबले 414.8 करोड़ रुपये में बिका। वहीं, सेक्टर-98 में 24-24 हजार वर्गमीटर के दो प्लॉट 414-414 करोड़ रुपये में नीलाम हुए। इन दोनों की रिजर्व कीमत भी 410 करोड़ रुपये थी।

इसके अलावा सेक्टर-132 में 22,403 वर्गमीटर के प्लॉट की भी नीलामी की गई।


By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)