‘कच्चा बादाम गर्ल’ के नाम से मशहूर अंजलि अरोड़ा जल्द ही फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में सीता के किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म के रिलीज से पहले इसका ट्रेलर दर्शकों के सामने आ चुका है।
इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। इसमें देव शर्मा भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रजनीश दुग्गल को रावण के किरदार में देखा जाएगा।
रिलीज से एक सप्ताह पहले आया ट्रेलर
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ की रिलीज में अब करीब एक सप्ताह का समय बचा है और इसी बीच मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है। कहानी के अहम हिस्सों की झलक ट्रेलर में देखने को मिलती है।
ट्रेलर की शुरुआत रावण द्वारा सीता के हरण वाले प्रसंग से होती है। इसके बाद भगवान राम का प्रण, सीता की प्रतीक्षा और हनुमान द्वारा लंका दहन जैसे दृश्यों को दिखाया गया है। युद्ध की तैयारियों से लेकर युद्ध के दिन तक की घटनाओं को भी ट्रेलर में जगह दी गई है।
ट्रेलर पर यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से फिल्म को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने फिल्म के सीन्स और कलाकारों की कास्टिंग की आलोचना की है।
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “आदिपुरुष के लिए सम्मान बढ़ गया।” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा, “राम के कास्टिंग को रावण का कास्टिंग बना दिया।” एक अन्य यूजर ने फिल्म को लेकर लिखा, “आदिपुरुष को टक्कर देने आ गई है नई रामायण।”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स फिल्म की तुलना रणबीर कपूर की रामायण से भी कर रहे हैं।
फिल्म के VFX को लेकर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई यूजर्स ने VFX की आलोचना करते हुए इसे AI से बनाया हुआ बताया है।
‘द वन’ से होगा फिल्म का क्लैश
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ की रिलीज सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘द वन’ (The Vvaan) से टकराने वाली है। दोनों फिल्में 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं।
फिल्म की कास्ट की बात करें तो देव शर्मा राम, रजनीश दुग्गल रावण, अंजलि अरोड़ा सीता, शील वर्मा लक्ष्मण और निर्भय वाधवा हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे।

