शुरुआत भले ही धीमी रही हो, लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसी रफ्तार पकड़ी कि अब इसकी कमाई देखकर हर कोई हैरान है। सिनेमाघरों में आठ हफ्ते पूरे करने के बाद फिल्म ने दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 401 करोड़ रुपये पहुंच गया है। खास बात यह है कि फिल्म ने पहले दिन सिर्फ करीब 10 लाख रुपये की कमाई की थी। उस वक्त शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यही फिल्म आगे चलकर 400 करोड़ के क्लब में पहुंच जाएगी।
धीरे-धीरे बढ़ी फिल्म की रफ्तार
‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं रही। पहले दो हफ्तों में फिल्म की कमाई काफी धीमी रही और भारत में इसका नेट कलेक्शन करीब 1.50 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाया था।
लेकिन इसके बाद कहानी पूरी तरह बदल गई। दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ी और सिनेमाघरों में इसकी कमाई भी लगातार ऊपर जाने लगी। देखते ही देखते फिल्म ने कई हफ्तों तक अपनी पकड़ बनाए रखी।
52वें दिन भी जारी रहा कमाई का सिलसिला
फिल्म ने आठवें हफ्ते में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचना जारी रखा। 52वें दिन यानी रविवार को फिल्म ने भारत में करीब 9 करोड़ रुपये नेट कमाए।
इसके साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसकी कुल नेट कमाई करीब 307 करोड़ रुपये बताई जा रही है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 362.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं, विदेशी बाजार से भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। विदेशों में फिल्म ने करीब 38.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। भारत और विदेश की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड आंकड़ा करीब 401.20 करोड़ रुपये हो गया है।
कई फिल्मों के कलेक्शन को छोड़ा पीछे
लंबे समय तक सिनेमाघरों में टिके रहने का फायदा फिल्म को साफ तौर पर मिला है। आठवें हफ्ते तक पहुंचते-पहुंचते ‘हनुमान अंश’ ने कई चर्चित फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने ‘कृष 3’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘3 इडियट्स’ और ‘कांतारा’ जैसी फिल्मों के कलेक्शन के आंकड़े भी पार किए हैं।
नीम करौली बाबा से जुड़ी है कहानी
फिल्म की कहानी आध्यात्मिक सफर के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें लक्ष्मीनारायण नाम के एक युवक की कहानी दिखाई गई है, जो अपनी मां को खोने के बाद जिंदगी से जुड़े कई सवालों के जवाब तलाशने निकलता है।
उत्तर भारत की यात्रा के दौरान उसका सामना कई आध्यात्मिक अनुभवों से होता है। इसी सफर के आगे बढ़ने के साथ वह उस राह पर पहुंचता है, जहां उसकी पहचान नीम करौली बाबा के रूप में होती है।
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं।

