• Mon. Sep 28th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

पर्थला फ्लाईओवर पर प्रदर्शन को लेकर बवाल, सुखबीर खलीफा समेत 200 लोगों पर FIR

नोएडा के पर्थला फ्लाईओवर के पास चल रहे प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है। भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा समेत करीब 200 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इनमें 40 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, सरकारी सामान को नुकसान पहुंचा और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की गई।

बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर चल रहा था धरना

पुलिस के मुताबिक, पर्थला फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे खाली जमीन पर बिजली कनेक्शन देने की मांग को लेकर 6 सितंबर से धरना चल रहा था। इस प्रदर्शन की अगुवाई सुखबीर खलीफा कर रहे थे।

शिकायत के अनुसार, 13 सितंबर को करीब 150 से 200 प्रदर्शनकारी मुख्य सड़क पर पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, 21 सितंबर को प्रदर्शन स्थल पर लाउडस्पीकर के जरिए संबोधन किए जाने की बात भी सामने आई है।

सरकारी सामान को नुकसान पहुंचाने का आरोप

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान फुटपाथ पर रखे सरकारी गमलों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंची पुलिस के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का भी आरोप है।

13 धाराओं में केस, जांच शुरू

पर्थला चौकी प्रभारी अंकित शर्मा की शिकायत पर सेक्टर-113 थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुल 13 धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच संजय मलिक को सौंपी गई है।

पुलिस के मुताबिक, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)