• Mon. Sep 28th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

जेवर टाउनशिप में सोसाइटी बसाने का मौका, सेक्टर 17 से 22D तक 50,600 वर्ग मीटर तक के प्लॉट

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से यमुना सिटी में जमीन और प्रॉपर्टी की डिमांड बढ़ रही है। इसी को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने ग्रुप हाउसिंग और होटल के लिए नई प्लॉट स्कीम जारी की है। अगर आप एयरपोर्ट के आसपास सोसाइटी या होटल बनाने की तैयारी में हैं, तो यह स्कीम आपके लिए अहम हो सकती है।

YEIDA की ग्रुप हाउसिंग स्कीम में कुल 10 प्लॉट शामिल किए गए हैं। ये प्लॉट सेक्टर-17, 18, 20 और 22D में हैं। इनका आकार 11,513 वर्ग मीटर से लेकर 50,600 वर्ग मीटर तक है।

किन सेक्टरों में हैं ग्रुप हाउसिंग के प्लॉट?

सेक्टर-17: यहां चार प्लॉट हैं। इनमें 12,141 वर्ग मीटर, 20,335 वर्ग मीटर और 11,513-11,513 वर्ग मीटर के दो प्लॉट शामिल हैं।

सेक्टर-18: यहां 20,720 वर्ग मीटर का एक प्लॉट उपलब्ध है।

सेक्टर-20: इस सेक्टर में 25,000 वर्ग मीटर का एक प्लॉट रखा गया है।

सेक्टर-22D: यहां चार प्लॉट हैं। इनमें 27,925 वर्ग मीटर का एक, 45,700-45,700 वर्ग मीटर के दो और 50,600 वर्ग मीटर का सबसे बड़ा प्लॉट शामिल है।

कितनी होगी प्लॉट की कीमत?

ग्रुप हाउसिंग प्लॉट की कीमत 52,500 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है। इस हिसाब से 50,600 वर्ग मीटर वाले सबसे बड़े प्लॉट की रिजर्व कीमत करीब 265 करोड़ रुपये बैठती है।

आवेदन के दौरान हर प्लॉट के लिए 5 लाख रुपये प्रोसेसिंग फीस देनी होगी। इसके अलावा प्लॉट की कुल कीमत का 10 फीसदी EMD यानी अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट के तौर पर जमा करना होगा।

कब तक कर सकते हैं आवेदन?

ग्रुप हाउसिंग प्लॉट के लिए रजिस्ट्रेशन 26 सितंबर से शुरू हो चुका है। आवेदन की आखिरी तारीख 26 अक्टूबर शाम 5 बजे तक है।

योग्य आवेदकों की लिस्ट 16 नवंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद 18 नवंबर को सुबह 11 बजे से ई-ऑक्शन के जरिए प्लॉट का आवंटन किया जाएगा।

होटल बनाने के लिए भी 10 प्लॉट

एयरपोर्ट के आसपास होटल विकसित करने के लिए भी YEIDA ने अलग स्कीम निकाली है। इसमें कुल 10 प्लॉट हैं। इनमें 6 प्लॉट सेक्टर-29 और 4 प्लॉट सेक्टर-28 में स्थित हैं।

इन प्लॉट का साइज 3,100 से 10,000 वर्ग मीटर तक है। इनकी रिजर्व कीमत 87,010 रुपये प्रति वर्ग मीटर रखी गई है। इस हिसाब से 10,000 वर्ग मीटर के प्लॉट की रिजर्व कीमत करीब 91 करोड़ रुपये होगी।

होटल प्लॉट के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 24 अक्टूबर है। योग्य आवेदकों के नाम 2 नवंबर को जारी किए जाएंगे और 4 नवंबर को सुबह 11 बजे से ई-ऑक्शन होगा।

प्लॉट मिलने के बाद कैसे करना होगा भुगतान?

प्लॉट मिलने के बाद आवंटी को कुल प्रीमियम का 40 फीसदी हिस्सा 60 दिनों के अंदर जमा करना होगा। इसमें पहले जमा की गई EMD की रकम भी एडजस्ट की जाएगी।

बाकी 60 फीसदी राशि अगले दो साल में चार छमाही किस्तों के जरिए जमा करनी होगी।

इसके अलावा कुछ प्लॉट पर अतिरिक्त चार्ज भी देना होगा। कॉर्नर प्लॉट, ग्रीन बेल्ट की तरफ खुलने वाले प्लॉट और 45 मीटर या उससे ज्यादा चौड़ी सड़क की ओर वाले प्लॉट के लिए 5-5 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगेगा।

90 साल की लीज पर मिलेगा होटल प्लॉट

YEIDA के मुताबिक, होटल के लिए दिए जाने वाले प्लॉट 90 साल की लीज पर आवंटित होंगे। सामान्य नियमों के तहत होटल की ऊंचाई की कोई तय सीमा नहीं है। हालांकि, सेक्टर-28 और 29 एयरपोर्ट के नजदीक हैं।

ऐसे में एयरपोर्ट से जुड़े सुरक्षा और ऊंचाई नियम यहां लागू होंगे। इनके चलते इन सेक्टरों में बिल्डिंग की अनुमत ऊंचाई करीब 29 मीटर तक हो सकती है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)