नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में गढ़ी गोलचक्कर के पास रविवार रात एक गहरे नाले में करीब 40 साल के एक व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति नाले में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
सेक्टर-63 थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मृतक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। इसके लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ सोशल मीडिया की भी मदद ली जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

