• Tue. Sep 29th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

महाराष्ट्र में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, पहला स्टील ब्रिज तैयार

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का काम महाराष्ट्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ठाणे के भिवंडी इलाके में इस प्रोजेक्ट के लिए महाराष्ट्र का पहला स्टील ब्रिज सफलतापूर्वक अपनी जगह पर लगा दिया गया है।

यह ब्रिज करीब 100 मीटर लंबा और लगभग 1,405 मीट्रिक टन भारी है। इसे नेशनल हाईवे-3 के ऊपर बनाया गया है। ब्रिज की ऊंचाई और चौड़ाई करीब 14-14 मीटर है।

NHSRCL के मुताबिक, इस ब्रिज को तमिलनाडु के त्रिची में तैयार किया गया था। इसके बाद इसे करीब 1,300 किलोमीटर की दूरी तय करके ट्रेलर से ठाणे लाया गया। यहां इसके अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर पूरा स्ट्रक्चर तैयार किया गया और फिर हाईवे के ऊपर स्थापित किया गया।

रात में किया गया ब्रिज लॉन्च

ब्रिज को हाईवे पर लगाने का काम रात के समय ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान किया गया, ताकि आम लोगों की आवाजाही पर कम असर पड़े। इसके लिए ऑटोमैटिक लॉन्चर की मदद ली गई और पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया।

ब्रिज को ज्यादा मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए खास पेंटिंग के साथ इलास्टोमेरिक बेयरिंग भी लगाए गए हैं। ये बेयरिंग कंपन और दूसरे दबाव को संभालने में मदद करते हैं।

28 में से 16 स्टील ब्रिज तैयार

मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में कुल 28 स्टील ब्रिज बनाए जाने हैं। इनमें से अब तक 16 ब्रिज तैयार हो चुके हैं। 15 ब्रिज गुजरात सेक्शन में हैं, जबकि महाराष्ट्र में यह पहला स्टील ब्रिज है।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर करीब 508 किलोमीटर लंबा है। जुलाई 2026 के अंत तक इस प्रोजेक्ट का करीब 62.16 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका था।

अब तक करीब 459.90 किलोमीटर हिस्से में नींव और 455.10 किलोमीटर में पियर का काम पूरा हो चुका है। वहीं करीब 366 किलोमीटर हिस्से में गर्डर लगाए जा चुके हैं। प्रोजेक्ट में 21 किलोमीटर लंबी सुरंग भी शामिल है, जिसमें करीब 7 किलोमीटर हिस्सा समुद्र के नीचे होगा।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)