ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खाने से जुड़ी बड़ी खबर है। अब रेलवे में मिलने वाले खाने की क्वालिटी और साफ-सफाई पर सख्ती से नजर रखी जाएगी। IRCTC ने क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) के साथ समझौता किया है। इसके तहत ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर मिलने वाले खाने की जांच की जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत जांच करने वाली टीम बिना पहले से सूचना दिए भी पहुंच सकती है। इस दौरान खाने की गुणवत्ता, किचन की सफाई, खाद्य सामग्री रखने के तरीके और कर्मचारियों की स्वच्छता की जांच होगी।
जांच पूरी होने के बाद 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट तैयार करनी होगी। इसके लिए मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। जांच के दौरान जगह, समय और तस्वीरों का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। अगर कहीं कोई कमी मिलती है, तो उसे सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे।
जांच में कच्चे शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने, खाने को सही तापमान पर रखने, कीटों से बचाव और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस पर भी ध्यान दिया जाएगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बेहतर, साफ-सुथरा और सुरक्षित खाना उपलब्ध कराना है, ताकि रेलवे की खानपान सेवाओं में सुधार हो सके।

