• Sun. Sep 20th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग़ाज़ियाबाद: कार में बाइक टच होने पर हुए विवाद में 17 साल के किशोर की जान चली गई

लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बंथला नहर रोड पर सोमवार को कार में बाइक टच होने पर हुए विवाद में 17 साल के किशोर की जान चली गई। आरोप है कि कार सवार दो युवकों ने किशोर जैद को अगवा कर प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में ले जाकर बुरी तरह पीटा। अधमरा होने पर दोस्त ई-रिक्शा से घर लाए। परिजन दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मुस्तफाबाद कॉलोनी निवासी शौकत ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा बेटा जैद (17) सोमवार दोपहर दोस्त नदीम और इब्राहीम के साथ बेहटा हाजीपुर नहर रोड स्थित स्विमिंग पूल में नहाने गया था। लौटते समय जैद की बाइक सामने से आ रही कार की साइड से टच हो गई।

आरोप है कि कार सवार दो युवकों ने बाइक चला रहे जैद को पहले सड़क पर पीटा, फिर कार में अगवा कर कुछ दूरी पर स्थित प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में ले गए। वहां जैद को इतना मारा कि वह बेहोश हो गया। पीछे-पीछे बाइक से आ रहे दोनों दोस्त मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए।

दोनों दोस्त घायल जैद को ई-रिक्शा से घर लेकर पहुंचे और परिजनों को घटना बताई। परिवार वाले तुरंत जैद को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान शाम को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारण का पता चलेगा।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )