ईस्टर्न ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर (ईओआरसी) में दुहाई पर आरआरटीएस को क्रॉस करने के लिए 27 मीटर ऊंचा पुल बनाया जाएगा। मेरठ रोड पर बनने वाले इस पुल की लंबाई चार किमी होगी। यह इस रूट का अकेला इतना बड़ा पुल होगा। पूरी योजना में 342 पुल बनाए जाएंगे। ऐसे में इस पुल के साथ दो हाई-स्पीड ट्रेनें एक-दूसरे को क्रॉस करेंगी। इस कॉरिडोर में जीटी करनाल रोड, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, मेरठ रोड, डीएमई, गाजियाबाद-बुलंदशहर हाईवे, यमुना एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मथुरा हाईवे पर भी पुल तैयार किए जाएंगे।
दुहाई में ईओआरसी और आरआरटीएस जिस स्थान पर एक-दूसरे को क्रॉस करेंगे, वहां दोनों के बीच इंटरचेंज प्वाइंट भी तैयार किया जाएगा। इससे लोग आसानी से आ-जा सकेंगे। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि गाजियाबाद में ईओआरसी का करीब 26 किमी हिस्सा है। इसे लेकर कार्य किया जा रहा है। शासन को इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट भेजी जा चुकी है।
दो स्थानों पर रेलवे से जुड़ेगी परियोजना
ईओआरसी परियोजना गाजियाबाद में दो स्थानों (दिल्ली-मुरादाबाद रूट पर डासना और मुजफ्फरनगर रूट पर मुरादनगर) पर रेलवे से भी जुड़ेगी। इसके लिए डीपीआर में प्लानिंग की गई है। आगे की योजना पर कार्य भी इसी अनुसार किया जाएगा। गाजियाबाद के अलावा अन्य छह स्थानों को कनेक्टिविटी में रखा गया है। रेलवे से इस लाइन के कनेक्ट होने से दोनों ट्रेनों में सफर करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही जेवर एयरपोर्ट से इसके जुड़ने के बाद आयात-निर्यात के कारोबार से जुड़े लोगों को भी फायदा होगा।

