• Sat. Oct 3rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

यूपी: एचआईवी/एड्स विषयक राज्य स्तरीय संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया

उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी (UPSACS) के सहयोग से प्रदेश के समस्त जिला, केंद्रीय एवं विशेष कारागारों के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए आज मुख्यालय, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश के सभागार में एचआईवी/एड्स विषयक राज्य स्तरीय संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश, श्री पी.सी. मीना सहित उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के संयुक्त निदेशक श्री रमेश चंद्र श्रीवास्तव, डॉ. संजय सोलंकी तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में महानिदेशक श्री पी.सी. मीना ने कहा कि प्रदेश के सभी कारागारों में उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के सहयोग से नियमित रूप से बंदियों की एचआईवी जांच कराई जा रही है। संक्रमण की पुष्टि होने पर प्रत्येक बंदी को बिना विलंब संबंधित एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) केन्द्र से जोड़कर उपचार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं तथा कारागार कर्मचारियों की प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप एचआईवी/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम प्रभावी रूप से संचालित हो रहा है।

कार्यशाला में HLFPPT के प्रतिनिधि श्री चतुरानंद ठाकुर ने कारागारों में संचालित एचआईवी-टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति, उपलब्धियों एवं भावी रणनीति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसके उपरांत पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PHFI) के राष्ट्रीय विषय विशेषज्ञ श्री उमेश ने एचआईवी/एड्स की मूलभूत अवधारणाओं, संक्रमण की रोकथाम, उपचार एवं जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

विशेष आमंत्रित वक्ता श्री अरुण कुमार मिश्रा, मुख्य न्यायिक सलाहकार, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रमुख प्रावधानों, संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों, गोपनीयता, भेदभाव-निषेध तथा कारागार प्रशासन की विधिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया।

कार्यशाला में प्रदेश के कारागार अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एचआईवी/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, बंदियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर अपर महानिरीक्षक कारागार श्री धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक कारागार श्री प्रदीप गुप्ता, श्री सुभाष चंद्र शाक्य, उपमहानिरीक्षक कारागार श्री पी.एन. पाण्डेय, डॉ. रामधनी तथा वरिष्ठ अधीक्षक श्री रंगबहादुर पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )