दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में मंत्री नितेश राणे के बंगले के पास रविवार (11 जनवरी 2026) सुबह एक लावारिस बैग मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर खाली कराया गया।
सुबह करीब 9:30 बजे सुरक्षाकर्मियों ने नौकरों के क्वार्टर के पास संदिग्ध बैग देखा था। विशेषज्ञों की जांच में बैग खोलने पर किसी विस्फोटक के बजाय पुराने कपड़े, जूते और एक नोट मिला, जिसमें लिखा था कि सामान मुफ्त है और कोई भी ले सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि बैग एक 40 वर्षीय अमेरिकी नागरिक ने रखा था, जो मरीन ड्राइव के एक होटल में ठहरा हुआ था। पुलिस के संपर्क करने तक वह गोवा रवाना हो चुका था। शख्स ने बताया कि मदद के इरादे से उसने अपना सामान वहीं छोड़ दिया था और इसी बात की जानकारी नोट के जरिए दी थी।
किसी तरह की संदिग्ध वस्तु न मिलने पर पुलिस ने इलाके को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया।