एयर इंडिया की नई योजना: खाने का विकल्प देकर टिकट की कीमतों में कटौती
एयर इंडिया एक नई टिकट मूल्य नीति लागू करने की योजना बना रही है, जिसमें फ्लाइट टिकट की कीमत से अनिवार्य इन-फ्लाइट भोजन को हटाकर टिकट सस्ते किये जा सकेंगे।
इस प्रस्तावित मॉडल के तहत, घरेलू एवं कम दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अब भोजन टिकट के दाम में शामिल नहीं होगा। यात्री अपनी इच्छा अनुसार अतिरिक्त शुल्क देकर भोजन का विकल्प चुन सकते हैं या बिना भोजन के कम कीमत वाला टिकट खरीद सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से भोजन का विकल्प न लेने वाले यात्रियों के टिकट की कीमत में 250 रुपए से अधिक की बचत हो सकती है।
यह योजना एयर इंडिया की बढ़ती परिचालन लागत और वित्तीय दबाव को कम करने की व्यापक स्ट्रेटजी का हिस्सा है। खाने जैसे सेवाओं को टिकट से अलग करने से एयर इंडिया उन यात्रियों को अधिक लचीले और किफायती टिकट विकल्प प्रदान कर सकेगी, जो कीमत को लेकर अधिक संवेदनशील हैं।
यह परिवर्तन अगले कुछ महीनों में लागू किया जाएगा और मुख्यतः उन उड़ानों पर लागू होगा जो कम समय की होती हैं, जहां कई यात्री अतिरिक्त सेवाओं के बजाय कम टिकट दर को प्राथमिकता देते हैं।