• Tue. Sep 22nd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: लालच देकर एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी से 17.30 लाख रुपये की ठगी कर ली

साइबर जालसाजों ने शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी से 17.30 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस के अनुसार बरौला, हनुमान विहार निवासी राकेश कुमार एक निजी कंपनी के कार्यालय में कार्यरत हैं। उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने में रुचि है। 12 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक वाट्सएप मैसेज आया, जिसमें शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया। मैसेज भेजने वालों ने उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया।

ठगों ने राकेश को एक मोबाइल एप डाउनलोड कराया और उसी के माध्यम से निवेश करने के लिए प्रेरित किया। एप में निवेश की गई राशि को लगातार बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा, जिससे पीड़ित का विश्वास और मजबूत हो गया। ठगों के झांसे में आकर राकेश ने दिसंबर 2025 से सात जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग किश्तों में करीब 17.30 लाख रुपये बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्होंने अपनी निवेशित राशि और लाभ निकालने का प्रयास किया तो रकम नहीं निकली। इसके बाद राकेश को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। उन्होंने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में दी। डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )