• Fri. Jun 12th, 2026

सीएम योगी ने लखनऊ से वर्जुअली दिखाई नोएडा, ग्रेनो और यमुना सिटी में 45 बसों को हरी झंडी

गौतमबुद्धनगर के लोगों की जरूरत पूरी करने के लिए तीनों प्राधिकरण और यूपीएसआरटीसी 500 तक भी ई-बसें चलाएंगे। अभी 15 जून से 110 बसें नोएडा, ग्रेनो और यमुना सिटी में चलने लगेंगी। प्राधिकरण बसों की जरूरत का आकलन भी करेंगे। शुक्रवार को ई-बसों का संचालन शुरू करने के कार्यक्रम में लखनऊ से वर्चुअली जुड़े मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ये बातें कहीं। उन्होंने नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का शुभारंभ भी किया।उन्होंने कहा कि शुक्रवार से तीनों प्राधिकरण क्षेत्र में 45 ई-बसों का संचालन शुरू होगा। उनका कहना है कि वायु प्रदूषण के अलावा पश्चिम एशिया में बने तनाव को देखते हुए ई-बसों के उपयोग काे बढ़ावा दिए जाने की जरूरत है। प्राधिकरण के सहयोग से यूपीएसआरटीसी जल्द ही 110 ई-बसों का संचालन शुरू कर देगा। पूरी संख्या में यह संचालन 15 जून से प्रारंभ हो जाएगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी ने देश को ग्रीन मोबिलिटी व सस्टेनेबल डेवलपमेंट का विजन दिया है। हम हर शहर-गांव को ग्रीन मोबिलिटी इलेक्ट्रिक सेवा से जोड़ेंगे।

हर व्यक्ति को बेहतर, आरामदायक व पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवा मिलनी चाहिए। परिवहन विभाग का बेड़ा बड़ा हो रहा है, लिहाजा कार्य भी बड़े दिखने चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर अभी तक ई-बस सेवा से वंचित था। अब यहां भी इसकी शुरुआत हो रही है। गर्व की बात है कि अब ई-बस का निर्माण भी यूपी में ही होगा। टाटा और हिंदुजा समूह ई-बस लखनऊ में अपने प्लांट लगाए हैं। इन दोनों प्लांट में ई-बसों का निर्माण किया जाना है। इससे बाहरी कंपनियों पर ई-बस की निर्भरता भी नहीं रह जाएगी। इस दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, सीईओ रवि कुमार एनजी, एसीईओ प्रेरणा सिंह व अन्य मौजूद रहे।

सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। सांसद ने कहा कि यह सेवा ग्रीन मोबिलिटी के मॉडल के रूप में स्थापित करेगी।उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन के साथ-साथ पश्चिम एशिया में चल रहे गतिरोध बड़ी चुनौतियां हैं। दुनिया वायु प्रदूषण और प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रही है। थोपे गए युद्धों की कीमत पूरी मानवता चुका रही है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना अथॉरिटी आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर, स्टार्टअप्स, सेमीकंडक्टर आदि औद्योगिक गतिविधियों के बड़े केंद्र हैं। बड़ी कंपनियों को वहां लाने के साथ ही पर्यावरण अनुकूल परिवहन समय की मांग है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी आदि मौजूद रहे।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )