• Fri. Sep 18th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

बांद्रा टर्मिनस पर 3,700 यात्रियों की क्षमता वाला नया होल्डिंग एरिया

मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पश्चिम रेलवे ने नया प्लान तैयार किया है। स्टेशन के मेन एंट्री और पार्सल ऑफिस के सामने, जहां पहले पार्किंग की सुविधा थी, अब एक नया होल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है। फिलहाल यहां निर्माण के लिए खुदाई का काम शुरू हो गया है।

इस परियोजना पर 16,43,29,117 रुपये खर्च किए जाएंगे। नया होल्डिंग एरिया दिल्ली में बने इसी तरह के क्षेत्र की तर्ज पर विकसित किया जाएगा और इसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसकी क्षमता करीब 3,700 यात्रियों की होगी। मौजूदा समय में इस स्थान पर 1,000 यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया मौजूद है।

प्लेटफॉर्म पर एक साथ नहीं पहुंचेगी बड़ी भीड़

नए होल्डिंग एरिया में यात्रियों को ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर भेजने से पहले कुछ समय तक रोका जा सकेगा। इसका मकसद ट्रेन के पहुंचने के समय बड़ी संख्या में यात्रियों के एक साथ प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से पैदा होने वाली भीड़ को कम करना है।

दरअसल, अक्टूबर 2024 में बांद्रा टर्मिनस पर यात्रियों की भारी भीड़ के चलते भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। ट्रेन में चढ़ने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे थे, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। इसके बाद रेलवे ने देश के प्रमुख टर्मिनस पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना बनाई थी।

मौजूदा होल्डिंग एरिया की क्षमता बढ़ेगी

छुट्टियों और त्योहारों के समय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय पहले यहां होल्डिंग एरिया बनाया गया था। अब इसकी क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

देश के 76 टर्मिनस पर बनाने की योजना

भारतीय रेलवे ने देशभर के 76 रेलवे टर्मिनस पर यात्री होल्डिंग एरिया तैयार करने की योजना बनाई है। इसमें महाराष्ट्र के 8 टर्मिनस शामिल हैं। मुंबई के पांच टर्मिनस—बांद्रा टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT), छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), दादर और मुंबई सेंट्रल—भी इस योजना का हिस्सा हैं।

इन होल्डिंग एरिया को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तर्ज पर विकसित करने की योजना है।

होल्डिंग एरिया में क्या-क्या होगा?

  • कुल क्षेत्रफल: 2,625 वर्ग मीटर
  • प्री-टिकटिंग जोन: 1,345 वर्ग मीटर
  • टिकटिंग जोन: 285 वर्ग मीटर
  • पोस्ट-टिकटिंग जोन: 995 वर्ग मीटर
  • 45 तीन-सीटर पैसेंजर बेंच
  • RO सिस्टम वाला 400 लीटर वाटर कूलर
  • पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए आधुनिक टॉयलेट
  • बेबी केयर रूम और जनरेटर रूम
  • 20 बुलेट कैमरे, 2 PTZ कैमरे और वॉर रूम के साथ CCTV निगरानी
  • 2 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और 2 हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर
  • 2 लगेज स्कैनर
  • ऑटोमैटिक फायर अलार्म और वॉइस अलार्म सिस्टम
  • 8 UTS काउंटर और 6 ATVM मशीन
  • 5 बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन और LED बोर्ड
  • 40 से ज्यादा स्पीकर वाला हाई-टेक PA सिस्टम
  • पूरे होल्डिंग एरिया में मुफ्त Wi-Fi की सुविधा

आने वाले करीब दो महीनों में दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहार हैं, ऐसे में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस सुविधा का विस्तार किया जा रहा है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)