नई दिल्ली। भारत के स्वदेशी डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म भीम ऐप (BHIM) ने यूजर्स के लिए एक नया प्रमोशनल अभियान लॉन्च किया है। इस अभियान का नाम “गर्व से स्वदेशी” रखा गया है, जिसके तहत नए यूजर्स को डिजिटल पेमेंट करने पर कैशबैक का फायदा मिलेगा।
भीम ऐप इस महीने अपनी 10वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है और इसी मौके पर यह खास ऑफर पेश किया गया है। योजना के तहत जो नए यूजर्स 20 रुपये या उससे अधिक का लेनदेन करते हैं, उन्हें प्रति ट्रांजैक्शन 20 रुपये का कैशबैक मिलेगा। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को डिजिटल भुगतान की आदत से जोड़ना और उनकी सुविधा को बढ़ाना है।
एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड (NBSL) के मुताबिक, जो नए यूजर्स भीम ऐप का इस्तेमाल रोजमर्रा की जरूरतों—जैसे किराना खरीदारी, बस या मेट्रो टिकट, मोबाइल रिचार्ज, बिजली-गैस बिल भुगतान और पेट्रोल खर्च—में करते हैं, वे पात्र लेनदेन पर एक महीने में कुल 300 रुपये तक का कैशबैक हासिल कर सकते हैं।
इस साल की शुरुआत में लॉन्च किए गए नए भीम ऐप को 15 से ज्यादा भारतीय भाषाओं का सपोर्ट दिया गया है। यह एड-फ्री इंटरफेस के साथ कम नेटवर्क वाले इलाकों में भी बेहतर तरीके से काम करता है। ऐप में स्प्लिट एक्सपेंस, फैमिली मोड, स्पेंड एनालिटिक्स, एक्शन नीडेड और यूपीआई सर्कल जैसे कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं।
इसके अलावा यूपीआई सर्कल का फुल डेलीगेशन फीचर भी लॉन्च किया गया है, जिसके जरिए यूजर्स अपने परिवार के सदस्यों, बच्चों या कर्मचारियों को तय लिमिट के भीतर यूपीआई भुगतान की अनुमति दे सकते हैं।
भीम ऐप को भारतीय यूजर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। आईएमएफ की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, यूपीआई दुनिया का सबसे बड़ा रियल-टाइम डिजिटल पेमेंट सिस्टम बन चुका है, जो करीब 49 प्रतिशत डिजिटल पेमेंट्स को संभालता है। इसने ब्राजील, थाईलैंड, चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के डिजिटल पेमेंट सिस्टम को भी पीछे छोड़ दिया है।