चिड़ियाघर में लंबे समय बाद तीन भारतीय कोबरा के बच्चों का जन्म हुआ है। चिड़ियाघर प्रशासन ने इसे वन्यजीव संरक्षण और वैज्ञानिक पशु प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। जानकारी के अनुसार, तीनों कोबरा बच्चे 29-30 जून को सफल इनक्यूबेशन प्रक्रिया के बाद अंडों से बाहर आए।
फिलहाल ये सभी बच्चे स्वस्थ और सक्रिय हैं। इनकी देखभाल चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा और पशु देखभाल टीम द्वारा की जा रही है। कोबरा बच्चों को उनकी प्रजाति के अनुसार सुरक्षित वातावरण में रखा गया है, जहां तापमान और नमी का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उनकी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि उनके विकास और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखा जा सके। चिड़ियाघर के इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत दो इंटर्न भी सरीसृपों के व्यवहार, जैविक प्रक्रियाओं और इनक्यूबेशन से जुड़े अध्ययन पर काम कर रहे हैं। चिड़ियाघर प्रबंधन का कहना है कि इस तरह के प्रयासों का उद्देश्य सरीसृपों के बारे में वैज्ञानिक जानकारी बढ़ाना और लोगों में इन अहम जीवों के प्रति जागरूकता पैदा करना है

