• Fri. Sep 11th, 2026

ब्रिक्स समिट: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक ट्रैफिक डायवर्जन, 22 रूट पर जाने से बचने की सलाह

दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स लीडर्स समिट 2026 को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। समिट का मुख्य आयोजन प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में होगा। अंतरराष्ट्रीय डेलिगेशन और VIP काफिलों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को इन दिनों यात्रा से पहले अपने रूट की योजना बनाने की सलाह दी है।

एडवाइजरी के अनुसार, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, फिरोज शाह रोड, तुगलक रोड, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, अफ्रीका एवेन्यू और भीकाजी कामा प्लेस सहित कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।

इसके अलावा पुराना किला रोड, न्याय मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, शांति पथ, शेरशाह सूरी मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, तिलक मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, अकबर रोड, सरदार पटेल मार्ग, APJ अब्दुल कलाम रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कर्तव्य पथ और सफदरजंग रोड से भी बचने की सलाह दी गई है।

22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन

VIP मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने 22 डायवर्जन पॉइंट निर्धारित किए हैं। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, KG मार्ग आउटर सर्कल, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक और RML हॉस्पिटल राउंडअबाउट शामिल हैं।

धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर, मदरसा T-पॉइंट, लोधी रोड के विभिन्न जंक्शन, नीला गुम्बद, ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे, DPS मथुरा रोड U-turn, रिंग रोड-बारापुला रोड और मंडी हाउस पर भी जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्ट किया जा सकता है।

रेलवे स्टेशनों के लिए सुझाए गए वैकल्पिक रास्ते

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को ISBT कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, पंचकुइयां रोड और आउटर सर्कल वाला रास्ता अपनाने की सलाह दी गई है।

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए ISBT से रिंग रोड, हनुमान मंदिर और S.P. मुखर्जी मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, निजामुद्दीन स्टेशन जाने वाले यात्रियों को रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड से जाने का सुझाव दिया गया है।

एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए मेट्रो को सबसे बेहतर विकल्प बताया है। हालांकि, सड़क मार्ग से जाने वालों के लिए अलग-अलग इलाकों के हिसाब से वैकल्पिक रूट भी तय किए गए हैं।

गुड़गांव से NH-48 और UER-II होते हुए T3 पहुंचा जा सकता है। द्वारका से सेक्टर-22 और UER-II टनल का रास्ता इस्तेमाल किया जा सकता है। दक्षिण दिल्ली से एयरपोर्ट जाने के लिए रिंग रोड, मोती बाग, RTR मार्ग और महिपालपुर होते हुए T3 जाने का विकल्प रहेगा।

इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता

पुलिस के अनुसार, डायवर्जन वाले क्षेत्रों में इमरजेंसी वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। इन इलाकों में 200 मीटर के दायरे तक सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

इसके अलावा गैर-निर्धारित कमर्शियल वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी रोक रहेगी। बस सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी, लेकिन VIP काफिलों की आवाजाही के दौरान बसों को भी कुछ समय के लिए वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जा सकता है।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)