• Fri. Sep 11th, 2026

यीडा के मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश की तैयारी में फिनलैंड? आप्टिनोवा ने अधिकारियों के साथ की बैठक

यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को लेकर फिनलैंड की कंपनी ने रुचि दिखाई है। फिनलैंड की आप्टिनोवा एशिया पैसिफिक कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को यीडा के अधिकारियों के साथ मुलाकात की। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में निवेश से जुड़ी पॉलिसी, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य सुविधाओं की जानकारी हासिल की। सेक्टर-28 में विकसित किए जा रहे प्रदेश के पहले मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश की संभावनाओं को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा हुई।

यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह और एसीईओ शैलेंद्र भाटिया के साथ हुई बैठक में प्रतिनिधिमंडल को मेडिकल डिवाइस पार्क की विस्तृत जानकारी दी गई। एसीईओ ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पार्क में उद्योगों के लिए तैयार किए जा रहे ईको सिस्टम के बारे में बताया। इसके साथ ही औद्योगिक भूखंडों और यहां निवेश की संभावनाओं से भी प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया गया।

बैठक में यीडा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और परिवहन सुविधाओं को भी प्रमुखता से बताया गया। अधिकारियों ने नोएडा एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी के साथ फ्रेट एवं मल्टीमॉडल परिवहन नेटवर्क की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि एयरपोर्ट के आसपास मेडिकल डिवाइस पार्क के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और हैंडीक्राफ्ट पार्क समेत कई औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल को मेडिकल टेक्नोलॉजी निर्माण के साथ औद्योगिक भूमि, इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक आधारित विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने से जुड़ी जानकारी भी दी गई। एसीईओ शैलेंद्र भाटिया के मुताबिक, आप्टिनोवा के प्रतिनिधिमंडल ने यीडा क्षेत्र की रणनीतिक स्थिति, आधारभूत ढांचे और निवेशक-अनुकूल माहौल की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने यहां निवेश करने में अपनी रुचि भी जाहिर की।

मेडिकल डिवाइस पार्क के अलावा एमएसएमई उद्योगों से जुड़े विषयों पर भी बैठक में बातचीत हुई। आप्टिनोवा के प्रतिनिधिमंडल में बोर्ड की चेयरपर्सन लुईस निकोलिन, चीफ टेक्नोलॉजी अफसर एंड्रियास, वाइस प्रेसिडेंट एपीएसी सुकित, इंडिया कंट्री मैनेजर विजय ठाकुर और एप्लीकेशन इंजीनियर शिंटो सेबेस्टियन मौजूद रहे।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)