• Thu. May 28th, 2026

यमुना सिटी: अवैध रूप से नशीला हुक्का पीने वालों के खिलाफ अभियान शुरू 

जेवर के गांव बनवारीबास के 15 वर्षीय छात्र की मौत के बाद अब पुलिस ने अवैध रूप से नशीला हुक्का पीने वालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। गांव में दबिश देते हुए पुलिस ने तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया है, जो नशीला हुक्का पीते थे। पुलिस के अनुसार जिस खाली मकान में छात्र का शव मिला था, वहां पर पूरे इलाके के नशेड़ियों का जमावड़ा लगता था। सभी यहां पर बैठकर नशीला हुक्का पीते थे।
बुधवार देर रात पुलिस ने थौरा बनवारीबास रोड पर एक खाली मकान में दबिश देते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें गांव रोही के अवधेश, कुलदीप और विनीत को मौके से नशीले हुक्के के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि छात्र की मौत के बाद लगातार पुलिस और अन्य लोग उनके पुराने ठिकाने पर आ रहे थे। इसलिए उन्होंने जगह बदलकर दूसरी जगह खाली मकान में अपना ठिकाना बना लिया।

गांव बनवारीवास निवासी मृतक छात्र गोपाल के पिता रवि भूषण अब तक हुई पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने जो खुलासा किया है, वह सही नहीं है। उन्होंने सारे मामले की उच्च स्तरीय जांच करके दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि छात्र के साथ हुई घटना के पीछे नशीला हुक्का सबसे बड़ा कारण था। अब नशेड़ियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )