• Tue. Sep 15th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: 15 जून से सिटी बस सेवा के शुभारंभ

15 जून से सिटी बस सेवा के शुभारंभ से पहले नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-90 स्थित बस डिपो के पुनर्विकास में जुटा है। बुधवार को क्रेन के माध्यम से वर्षों से खड़ी पुरानी बसों को हटाया गया। परिसर में सफाई, भवनों की रंगाई-पुताई, पेड़ों की छंटाई और अन्य सौंदर्यीकरण शुरू कर दिए गए हैं।
शुक्रवार को डिपो पर नई इलेक्ट्रिक बसें पहुंचेंगी। 10 जून से उनका ट्रायल शुरू किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को देखते हुए डिपो के एक हिस्से में चार्जिंग स्टेशन विकसित किया जा रहा है। परिसर में मौजूद दो भवनों को प्रशासनिक ब्लॉक और चालक-परिचालकों के विश्राम गृह के रूप में तैयार किया जाएगा। पुराने आईजीएल स्टेशन को भी हटाया जा रहा है। डिपो के पुनर्विकास के लिए नोएडा प्राधिकरण ने 8.26 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।
परियोजना में सिविल, आर्किटेक्चरल और साइट डेवलपमेंट जैसे काम शामिल हैं। इसके पूरा होने पर यह डिपो आधुनिक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित होगा और शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती देगा। बीते दिनों एसीईओ सतीश पाल ने अन्य अधिकारियों के साथ डिपो का निरीक्षण किया था। उन्होंने 15 जून से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसी दिन नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ान संचालन शुरू होने की भी संभावना है। जिसके साथ ही बस सेवा भी शुरू होगी। नई बस सेवा के तहत नोएडा को एयरपोर्ट, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद से जोड़ा जाएगा। गौरतलब है कि वर्ष 2016 में निजी एजेंसी की मदद से 11 रूटों पर फीडर बस सेवा शुरू की थी, जिसे कोविड 19 के दौरान मार्च 2020 में स्थगित कर दिया गया था। दिसंबर 2020 में सेवा औपचारिक रूप से बंद कर दी गई। इसके बाद बसें डिपो में खड़ी रहीं और रखरखाव के अभाव में खराब हो गईं। कई बसों में जंग लग गई, टायर खराब हो गए और शीशे टूट गए। 18 पुरानी बसों को हटाकर नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए जगह खाली कराई गई।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )