• Sun. Feb 1st, 2026

उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में शुरू होगी मुख्यमंत्री सुपोषण योजना

Report By : ICN Network

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए ‘मुख्यमंत्री सुपोषण योजना’ की शुरुआत करने का ऐलान किया है। यह योजना राज्य के सभी 75 जिलों में एक साथ लागू की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को हर दिन पौष्टिक नाश्ता दिया जाएगा, जिसमें दूध, फल और अन्य पोषक आहार शामिल होंगे।

इसके अतिरिक्त जिन गरीब परिवारों के पास दूध देने वाला पशु नहीं है, उन्हें सरकार की ओर से गाय उपलब्ध कराई जाएगी ताकि वे अपने बच्चों को पोषण देने में सक्षम हो सकें। सरकार हर जिले में टेक होम राशन इकाइयों की स्थापना भी करेगी, जिससे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को आवश्यक पोषण सामग्री उनके घर तक पहुंचाई जा सके।

यह योजना खासतौर पर उन परिवारों को ध्यान में रखकर बनाई गई है जो डॉ. भीमराव अंबेडकर जीरो पॉवर्टी मिशन के अंतर्गत चिन्हित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस योजना को जल्द से जल्द ज़मीन पर उतारा जाए, जिससे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में कोई बाधा न आए और राज्य में कुपोषण की समस्या का समाधान हो सके।


By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)