दिल्ली के सैनिक फार्म इलाके में शुक्रवार सुबह डीडीए ने अतिक्रमण-विरोधी अभियान के तहत करोड़ों की लागत से बने एक आलीशान बंगले को गिराने की बड़ी कार्रवाई शुरू की। दिल्ली विकास प्राधिकरण की टीम करीब सात बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची और लगभग दो बीघा क्षेत्र में फैले इस बंगले को ध्वस्त करना शुरू किया। तोड़फोड़ की कार्रवाई फिलहाल जारी है।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह बंगला किसका था और कब बनाया गया था, क्योंकि डीडीए की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। बता दें कि दक्षिण दिल्ली के सैनिक फार्म क्षेत्र के नियमितीकरण का मुद्दा लंबे समय से दिल्ली हाई कोर्ट में लंबित है।
इससे पहले, 29 नवंबर को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने भी झंडेवालान स्थित आरएसएस मुख्यालय के पास अतिक्रमण-विरोधी ड्राइव चलाकर उन संरचनाओं को हटा दिया था, जिनके लिए पहले नोटिस जारी किए गए थे। भाषा की रिपोर्ट के अनुसार, एमसीडी के एक अधिकारी ने बताया कि ये ढांचे जोखिमपूर्ण क्षेत्र में थे और अधिकतर लोग पहले ही वहां से हट चुके थे। अधिकारियों का कहना था कि प्लॉट खाली करने के लिए दिए गए 45 दिन पूरे होने के बावजूद अनुपालन न करने पर यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान एमसीडी और दिल्ली पुलिस की मौजूदगी रही, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात था।