Dehradun Flash Flood: उत्तराखंड में 16 सितंबर की सुबह प्रकृति ने अपना रौद्र रूप दिखाया, जब मूसलाधार बारिश ने देहरादून को तबाही के कगार पर ला खड़ा किया। सुबह करीब 6:30 बजे टौंस नदी का जलस्तर अचानक उफान पर आ गया, जिसने मुरादाबाद और संभल के कुछ लोगों की जिंदगी को तहस-नहस कर दिया। सुरक्षित ठिकाने की तलाश में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार 14 लोग नदी के तेज बहाव की भेंट चढ़ गए, जब उनकी ट्रॉली पलट गई और सभी नदी की लहरों में समा गए।
पुलिस और राहत दलों ने बिना देरी किए राहत कार्य शुरू किया। सिंघनीवाला क्षेत्र से दो लोगों को चमत्कारिक ढंग से बचा लिया गया, जबकि सभावाला क्षेत्र में अब तक 8 शव बरामद हो चुके हैं। इस दिल दहलाने वाले हादसे में 4 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में राहत दल दिन-रात जुटे हुए हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 14 लोगों में 13 मुरादाबाद और संभल के निवासी थे, जबकि एक व्यक्ति देहरादून के परवल का रहने वाला था। मृतकों में 4 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं, जबकि लापता लोगों में 2 महिलाएं हैं।
मृतकों की सूची
- सोमवती (65), पत्नी हरचरण सैनी, मुडिया जैन, मुरादाबाद
- रीना (30), पत्नी होराम, मुडिया जैन, मुरादाबाद
- मदन (50), पुत्र भरत, मुडिया जैन, मुरादाबाद
- नरेश (50), पुत्र कुंवर सैनी, मुडिया जैन, मुरादाबाद
- हरिचरण (60), पुत्र फूल सिंह, मुडिया जैन, तहसील बिलारी, मुरादाबाद
- किरन (60), पत्नी अमरपाल, मुडिया जैन, तहसील बिलारी, मुरादाबाद
- रानी (18), पुत्री हीरालाल सैनी, लहरारातू, जिला संभल
- फरमान (30), पुत्र इदरिश, परवल, देहरादून
रेस्क्यू किए गए लोग
- अमन (17), पुत्र नरेश, मुडिया जैन, मुरादाबाद
- अमरपाल (40), पुत्र गिरवीर, मुडिया जैन, मुरादाबाद
अभी भी लापता
- राजकुमार (26), पुत्र हरचरण, मुडिया जैन, तहसील बिलारी, मुरादाबाद
- हुराम (22), पुत्र हरचरण, मुडिया जैन, मुरादाबाद
- सुन्दरी (35), पत्नी मदनपाल, मुडिया जैन, मुरादाबाद
- नीता (16), पुत्री हीरालाल, लहरारातू, संभल
इस हादसे सहित बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में अब तक कुल 17 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। आपदा प्रबंधन विभाग और प्रशासन ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है, ताकि इस प्राकृतिक आपदा से और नुकसान न हो।


