नई दिल्ली: दिल्ली में महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने एक नई पहल की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता वाली कैबिनेट ने ‘दुर्गा EV ऑटो’ योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत राजधानी में 1,300 इलेक्ट्रिक ऑटो चलाए जाएंगे। इन ऑटो के संचालन और परमिट का अधिकार सिर्फ महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को दिया जाएगा।
महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को मिलेंगे परमिट
योजना के तहत दिल्ली के अलग-अलग जिलों में महिलाओं के लिए दुर्गा ऑटो के परमिट जारी किए जाएंगे। हर जिले में 90 परमिट देने का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा, ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के लिए पूरी दिल्ली में 130 ऑटो परमिट आवंटित किए जाएंगे। इस पहल का मकसद सुरक्षित सफर को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना भी है।
दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगे 1,300 इलेक्ट्रिक ऑटो
दिल्ली सरकार की इस योजना के तहत राजधानी में कुल 1,300 इलेक्ट्रिक ऑटो उतारे जाएंगे। योजना को खास तौर पर महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
सरकार का मानना है कि इस पहल से सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलने से पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी

