• Mon. Oct 5th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

दिल्ली-एनसीआर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना मामले, नोएडा और गाजियाबाद भी चपेट में

Report By : ICN Network

दिल्ली-एनसीआर में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे क्षेत्रों में संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। गाजियाबाद में शुक्रवार को चार नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें एक 18 वर्षीय छात्रा शामिल है जो दिल्ली में पढ़ाई करती है और प्रतिदिन गाजियाबाद से दिल्ली की यात्रा करती थी। छात्रा को खांसी, बुखार और जुकाम की शिकायत थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा, वसुंधरा क्षेत्र के एक दंपति, जो हाल ही में बेंगलुरु से लौटे थे, और वैशाली निवासी एक 37 वर्षीय महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। इन सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है और उनका इलाज घर पर ही चल रहा है।

नोएडा के सेक्टर-110 में एक संदिग्ध कोरोना मरीज की पहचान की गई है। स्वास्थ्य विभाग उसकी आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद ही संक्रमण की पुष्टि की जा सकेगी। रिपोर्ट आने के बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

दिल्ली में भी शुक्रवार को कोरोना के 23 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन, आवश्यक दवाइयों और वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। सरकार की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्कता जरूर बरतें।

गुरुग्राम में भी कोरोना के मामलों में वृद्धि हो रही है। शुक्रवार को यहां 45 वर्षीय एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया, जिसके बाद कुल सक्रिय मामलों की संख्या तीन हो गई है। फरीदाबाद में दो नए मामले सामने आए हैं जिनमें एक 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर और एक 35 वर्षीय महिला शामिल हैं। दोनों मरीज होम आइसोलेशन में हैं और घर पर ही इलाज ले रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मास्क का उपयोग करें, नियमित रूप से हाथ धोते रहें और भीड़भाड़ से दूरी बनाए रखें। यदि किसी को खांसी, बुखार, जुकाम जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत जांच करवाएं और आइसोलेशन में चले जाएं।

दिल्ली-एनसीआर में फिर से बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए आवश्यक है कि सभी लोग सतर्कता बरतें और कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करें, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

By admin

Journalist & Entertainer Ankit Srivastav ( Ankshree)