Report By : ICN Network
दिल्ली पुलिस ने एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने डेटिंग ऐप्स और वर्चुअल मोबाइल नंबर की मदद से सैकड़ों लड़कियों को अपने जाल में फंसाया. आरोपी ने फेक आईडी बनाकर खुद को विदेशी फ्रीलांस मॉडल बताया
दिल्ली पुलिस ने 23 वर्षीय युवक तुषार बिष्ट को गिरफ्तार किया है, जो डेटिंग ऐप्स और वर्चुअल मोबाइल नंबर की मदद से सैकड़ों लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करता था। आरोपी ने फेक आईडी का इस्तेमाल कर खुद को विदेशी फ्रीलांस मॉडल बताया और ब्राजीलियाई मॉडल की तस्वीरें प्रोफाइल पर लगाई। वह लड़कियों से दोस्ती कर उनकी प्राइवेट तस्वीरें और वीडियो हासिल करता और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलता था
कैसे फंसाता था लड़कियों को?
तुषार ने बंबल, स्नैपचैट और अन्य डेटिंग ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाई थीं। खुद को अमेरिका में रहने वाला फ्रीलांस मॉडल बताया और दावा किया कि वह भारत में प्रोजेक्ट पर आया हुआ है। आरोपी 18 से 30 वर्ष की लड़कियों को अपना शिकार बनाता था। वह उनसे धीरे-धीरे नजदीकी बढ़ाकर प्राइवेट तस्वीरें मांगता।
मामला कैसे सामने आया?
13 दिसंबर 2024 को दिल्ली विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि आरोपी ने डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर उसे फंसाया और प्राइवेट तस्वीरें हासिल कर ब्लैकमेल करना शुरू किया।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत पर जांच शुरू हुई। टेक्निकल एविडेंस से आरोपी की पहचान पूर्वी दिल्ली निवासी तुषार बिष्ट के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
खुलासे
तुषार ने वर्चुअल इंटरनेशनल मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर 700 लड़कियों से संपर्क किया और 500 से अधिक लड़कियों से तस्वीरें व वीडियो जुटाए। पुलिस ने उसके मोबाइल से 60 वॉट्सएप चैट, क्रेडिट कार्ड, और डेटा बरामद किया।
आगे की जांच
तुषार नोएडा की एक कंपनी में काम करता था। पुलिस उसकी अन्य गतिविधियों और पीड़ितों की पहचान में जुटी है

