दिल्ली के रोहिणी इलाके में पुलिस ने नशे की सप्लाई करने वाले एक कथित नेटवर्क का पता लगाया है। इस मामले में एक महिला समेत चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नाइजीरिया, युगांडा और सेनेगल के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों से कुल 168 ग्राम कोकीन और 35,900 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वजन करने वाली मशीनें, पैकिंग का सामान, एक स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में 17 सितंबर को सेन फाये नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 17 ग्राम कोकीन मिली थी। इसके बाद जांच आगे बढ़ी और 9 अक्टूबर को पुलिस ने तीन अन्य लोगों को भी पकड़ लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से की जा रही थी। मामले की आगे जांच जारी है।

