• Sat. Oct 3rd, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: खाना न देने पर हुए विवाद में ढाबा कर्मचारी की हत्या

ग्रेनो वेस्ट में गौड़ सिटी-2 में शुक्रवार रात साढ़े 11 खाना न देने के विवाद में ढाबा कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। प्रॉपर्टी डीलर समेत तीन युवकों ने रॉड, ईंट, पत्थर और लाठी-डंडे से हमला किया। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कर्मचारी ढाबे पर अकेला था। बिसरख कोतवाली पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर नितिन और दो अज्ञात पर केस दर्ज किया है। मूलरूप से मुजफ्फरनगर के वरुण कौशिक गौड़ सिटी-2 के पास गोपाल जी ढाबा चलाते हैं। इस पर सहारनपुर के कोतवाली सदर क्षेत्र के न्यू गोपालनगर निवासी कर्मचारी नीटू कश्यप (48) काम करते थे। बताया गया कि देर रात युवक खाना खाने के लिए पहुंचा। उस समय ढाबा बंद किया जा रहा था। वरुण ने बताया कि खाना खत्म हो गया है। आरोप है कि इसी बात पर दोनों में कहासुनी और हाथापाई हो गई। झगड़े के दौरान वरुण और उसके कर्मचारियों ने युवक से मारपीट की। उसके बाद युवक धमकी देकर चला गया। 

कुछ देर बाद युवक अपने दो साथियों के साथ ढाबे पर आया। आरोप है कि तीनों ने नीटू पर ईंट, पत्थर, रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद हमलावर चले गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नीटू को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )