आज यानी 7 फरवरी, शनिवार को देशभर में ओला, उबर और रैपिडो से जुड़े ड्राइवरों ने काम बंद करने का एलान किया है। उबर और रैपिडो से जुड़े ड्राइवर अपने मोबाइल एप बंद रखेंगे। जिसके कारण लोग ऑनलाइन कार, ऑटो या बाइक-टैक्सी नहीं बुक कर सकेंगे। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दरअसल, तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) ने राष्ट्रीय मजदूर संगठनों के साथ मिलकर इस हड़ताल का एलान किया है। इस हड़ताल को ‘ऑल इंडिया ब्रेकडाउन’ नाम दिया गया है।
तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस हड़ताल की जानकारी साझा करते हुए लिखा, पूरे भारत में एप-आधारित परिवहन कर्मचारी 7 फरवरी 2026 को ऑल इंडिया ब्रेकडाउन करेंगे। कोई न्यूनतम किराया नहीं। कोई रेगुलेशन नहीं। अंतहीन शोषण।’
तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन का कहना है कि न तो उनका कोई किराया तय है और न ही कोई नियम, बस उनका शोषण हो रहा है। इस यूनियन ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को इसको लेकर एक चिट्ठी लिखी है।
कैब ड्राइवरों का कहना है कि सरकार की तरफ से कोई रेट निर्धारित नहीं है, इसलिए कंपनियां अपनी मर्जी से पैसे काटती हैं। पत्र में लिखा गया, ‘कंपनियों के ही किराया तय करने की वजह से लाखों ट्रांसपोर्ट वर्कर्स में इनकम को लेकर इनसिक्योरिटी है, इससे शोषण और खराब वर्किंग कंडीशन पैदा होती हैं।’
यूनियन ने सरकार से कार्रवाई करने की अपील की है। यूनियन का दावा है कि लाखों एप-बेस्ड ड्राइवरों को गरीबी में धकेला जा रहा है, जबकि एग्रीगेटर कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं।