• Thu. Oct 1st, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

ग्रेटर नोएडा: शहर के 15 दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा घेरा बना खतरा कम करने का काम किया 

कलाधाम सोसाइटी में बोरवेल के गड्ढे में डूबने से छह साल के बच्चे की मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण हरकत में आया है। मंगलवार को भी प्राधिकरण ने शहर के 15 दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा घेरा बना खतरा कम करने का काम किया है। दो दिनों में इन स्थानों पर बांस का सुरक्षा घेरा और स्लैब रखे जा रहे हैं। प्राधिकरण खुले नालों को ढकने और जर्जर दीवारों को तोड़कर नई दीवारें बनाने का काम भी कर रहा है।

टेकजोन-4 में नाले की दीवार टूटी होने से हादसे का खतरा था, वहां अब नई दीवार बन रही है। सेक्टर-पी3 में सिंचाई विभाग की नहर के किनारे भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि सभी वर्क सर्किल ने काम शुरू कर दिया है। सर्वे कर तुरंत मरम्मत और निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सिंचाई विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर नहर किनारे जल्द ही क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। वहीं आवासीय सेक्टर म्यू-दो और हजरतपुर गांव के पास अस्थायी बैरिकेडिंग की गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी लक्ष्मी वीएस ने परियोजना विभाग के सभी आठों वर्क सर्किल प्रभारियों को इसको लेकर निर्देश दिए हैं। उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में दुर्घटना संभावित स्थान चिह्नित कर स्थायी सुरक्षा इंतजाम करने को कहा गया है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )