• Sun. Sep 27th, 2026

India Core News | Read Latest Trending News..

आपका इंडिया आपकी न्यूज़

नोएडा: सेक्टर-141 में ट्रांसफार्मर फुकने से बीते 20 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप

सेक्टर-141 में ट्रांसफार्मर फुकने से बीते 20 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी के बीच करीब 250 परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली न होने से घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं, जिससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अधिवक्ता लाट साहब लोहिया ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अचानक बिजली चली गई। शिकायत करने पर बिजली विभाग के जेई ने जानकारी दी कि ट्रांसफार्मर फुक गया है, जिसके कारण आपूर्ति बहाल नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि निगम के पास तत्काल बदलने के लिए ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं है, जिससे मरम्मत और बदलाव में देरी हो रही है। लापरवाही के चलते लोगों को लंबे समय तक बिजली संकट झेलना पड़ रहा है।

बिजली आपूर्ति बाधित रहने से सबसे ज्यादा असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ा है। मोटर न चल पाने के कारण घरों में पानी की किल्लत हो गई है। भीषण गर्मी में पंखे और कूलर बंद होने से निवासी परेशान हो चुके हैं। कई परिवारों को रात जागकर बितानी पड़ी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मोबाइल फोन चार्ज न होने से संचार व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। साथ ही, फ्रिज में रखे खाद्य पदार्थ खराब होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का त्वरित समाधान नहीं किया जा रहा है। निवासियों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

By Ankshree

Ankit Srivastav (Editor in Chief )